उत्तराखंड

पुरानी पेंशन बहाली को लेकर गैरसैंण में गरजे हजारों कर्मचारी, सरकार से आर-पार की लड़ाई की तैयारी

उत्तराखंड में कर्मचारी संगठन ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS) की मांग कर रहे हैं। इसी कड़ी में न्यू पेंशन स्कीम (NPS) और यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) के विरोध में उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में कर्मचारी संगठन एकजुट हुए।‌जहां उन्होंने आक्रोश रैली निकालकर पुरानी पेंशन बहाली की मांग उठाई।‌इस दौरान हजारों की संख्या में जुटे कर्मचारियों ने एक सुर में सरकार से आरपार की लड़ाई लड़ने का ऐलान किया।

UPS नहीं मंजूर

गौर हो कि हाल ही में धामी कैबिनेट ने यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) पर मुहर लगाई थी. जो अब कर्मचारियों को रास नहीं आ रहा है। गैरसैंण में भी राजकीय इंटर कॉलेज के क्रीड़ा मैदान में हजारों की संख्या में कर्मचारी जुटे. जिसके बाद डाक बंगला रोड से तहसील होते हुए गैरसैंण के मुख्य बाजार तक एक विशाल रैली निकाली। रैली में सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन कर पुरानी पेंशन बहाली की मांग की। इसके बाद गैरसैंण एसडीएम अंकित राज के माध्यम से कर्मचारियों ने सीएम पुष्कर धामी को एक मांग पत्र भी भेजा।

नेताओं की पेंशन में बढ़ोतरी

नेशनल मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन स्कीम (NMOPS) के प्रदेश अध्यक्ष जीतमणि पैन्यूली ने राज्य और केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सरकार मौजूदा एवं पूर्व सांसदों, विधायकों के वेतन-पेंशन व भत्तों में लगातार बढ़ोतरी कर रही है, लेकिन कर्मचारियों को पेंशन देने से सरकार पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड: आंगनबाड़ी भर्ती को लेकर आई बड़ी अपडेट, इस महीने मिलेगी नियुक्ति

उन्होंने कहा कि राजस्थान, हिमाचल प्रदेश समेत अन्य राज्यों में पुरानी पेंशन बहाल हो चुकी है, लेकिन उत्तराखंड सरकार कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाली की मांग मानने को तैयार नहीं है. अगर सरकार अभी भी नहीं चेती तो आगामी 2027 के चुनाव में कर्मचारी सरकार की ईंट से ईंट बजाने का काम करेंगे. साथ ही कहा कि आने वाली 1 मई को दिल्ली के जंतर मंतर पर सरकार को कर्मचारी अपनी ताकत का एहसास कराएंगे।

गैरसैंण में पुरानी पेंशन बहाली की मांग

जीतमणि पैन्यूली ने कहा कि जब तक सरकार पुरानी पेंशन बहाल नही कर देती, तब तक हर महीने इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और इसी प्रकार आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि सरकार मांग नहीं मानती है तो सरकार को घुटनों के बल लाने का काम किया जाएगा।

नही चाहिए NPS और UPS का झुनझुना

एनएमओपीएस के चमोली जिलाध्यक्ष मोहन रावत ने कहा कि सरकार पुरानी पेंशन की मांग पर लगातार कर्मचारियों के साथ छलावा करती आ रही है, जिसको लेकर कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है. उन्होंने कहा कि सरकार NPS और UPS का झुनझुना पकड़ाकर कर्मचारियों को ठगने का काम कर रही है। जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कर्मचारियों की सिर्फ एक मांग है कि सरकार पुरानी पेंशन बहाल करे, नहीं तो आने वाले समय में इससे भी उग्र आंदोलन किया जाएगा।

About the author

Deepak Panwar

Deepak Panwar is a journalist, author, and founder based in Dehradun Uttarakhand, India. He is recognized for his impactful work in journalism and for founding multiple news and media platforms, including HinduLIVE Media.

View all posts