Blog

उत्तराखंड की ‘लुटेरी दुल्हन’ हिना रावत गिरफ्तार, शादी के नाम पर की थी लाखों की ठगी

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर पुलिस ने एक शातिर महिला ठग, हिना रावत, को गिरफ्तार किया है, जो काशीपुर की रहने वाली है। यह महिला हाईकोर्ट वकील, बिजनेसवूमन और रजनीगंधा की ब्रांड एंबेसडर बनकर लोगों को ठगती थी। शादी का झांसा देकर लोगों को अपने प्रेमजाल में फंसाना, मोटी रकम ऐंठना और फिर ब्लैकमेल करना इस महिला का मुख्य तरीका था।

उत्तराखंड की लुटेरी दुल्हन गिरफ्तार

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मणिकांत मिश्रा के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने हिना को उस समय गिरफ्तार किया, जब वह नवविवाहिता के रूप में थी, हाथों में चूड़ा, मेहंदी लगी हथेलियां और माथे पर सिंदूर के साथ। पहली नजर में कोई नहीं कह सकता था कि यह महिला एक पेशेवर ठग है। जांच में पता चला कि हिना मैट्रिमोनियल साइट्स पर खुद को अविवाहित और पेशेवर बताकर लोगों से संपर्क करती थी। विश्वास जीतने के बाद वह शादी के बहाने ठगी शुरू करती थी।

यह भी पढ़ें- धामी सरकार का तोहफा: UCC के तहत विवाह पंजीकरण शुल्क माफ, जल्द कराएं रजिस्ट्रेशन

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि हिना के साथ एक संगठित गिरोह काम करता था, जो फर्जी दस्तावेज तैयार करने, पहचान छुपाने और पीड़ितों को धमकाने में उसकी मदद करता था। प्रारंभिक जांच में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न थानों में हिना के खिलाफ 18 से अधिक मुकदमे दर्ज होने की पुष्टि हुई है।

वर्तमान में हिना रावत न्यायिक हिरासत में है। पुलिस उससे पूछताछ के आधार पर अन्य पीड़ितों और मामलों की जांच कर रही है, साथ ही इस गिरोह की गतिविधियों की गहन छानबीन जारी है।

About the author

Deepak Panwar

Deepak Panwar is a journalist, author, and founder based in Dehradun Uttarakhand, India. He is recognized for his impactful work in journalism and for founding multiple news and media platforms, including HinduLIVE Media.

View all posts