Blog

ज्योति मल्होत्रा जासूसी मामला: पहलगाम हमले से पहले पाकिस्तान गई थीं यूट्यूबर, ISI से जुड़े बड़े खुलासे

हरियाणा की मशहूर यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को लेकर एक सनसनीखेज खुलासा हुआ है। जासूसी के आरोप में गिरफ्तार ज्योति ने इस साल अप्रैल में हुए पहलगाम आतंकी हमले से ठीक पहले पाकिस्तान की यात्रा की थी। जांच में पता चला है कि वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के संपर्क में थीं और संवेदनशील जानकारी साझा कर रही थीं।

पहलगाम हमले से पहले की यात्रा

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार ज्योति मल्होत्रा ने जनवरी 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम का दौरा किया था। इसके कुछ ही समय बाद मार्च में वह पाकिस्तान गईं। 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी। जांच में ज्योति की इन यात्राओं को संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों के लिए एक “एसेट” के तौर पर काम कर रही थीं।

पाकिस्तानी हाई कमीशन से कनेक्शन

ज्योति का संपर्क दिल्ली में पाकिस्तानी हाई कमीशन के एक कर्मचारी दानिश उर्फ एहसान-उर-रहीम से था। जांच में सामने आया कि दानिश ने ज्योति को हनी-ट्रैप में फंसाया और उसे जासूसी के लिए तैयार किया। ज्योति ने 2023 में पाकिस्तान के लिए वीजा लिया था और वहां कई बार यात्राएं की। इन यात्राओं के दौरान उसने भारतीय सेना की गतिविधियों और रणनीतिक स्थानों की जानकारी ISI को दी।

चीन से भी जुड़े तार

जांच में यह भी पता चला है कि ज्योति ने पाकिस्तान के अलावा चीन की भी यात्रा की थी। पुलिस अब उसकी ट्रैवल हिस्ट्री को खंगाल रही है ताकि यह समझा जा सके कि उसका चीन से क्या संबंध था। हिसार के एसपी शशांक कुमार सावन ने बताया कि ज्योति की आय से ज्यादा खर्च और लग्जरी लाइफस्टाइल भी जांच के दायरे में है।

यह भी पढ़ें – जासूसी के आरोप में महिला यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा गिरफ्तार, पाकिस्तान को भेजी जानकारी

सोशल मीडिया पर थीं मशहूर

ज्योति मल्होत्रा अपने यूट्यूब चैनल ‘Travel with JO’ के जरिए काफी लोकप्रिय थीं। उनके चैनल पर 3.77 लाख सब्सक्राइबर्स और इंस्टाग्राम पर 1.33 लाख फॉलोअर्स हैं। वह ट्रैवल व्लॉग्स, लग्जरी होटल स्टे और डिजाइनर कपड़ों के वीडियो बनाती थीं। लेकिन अब उनके इन वीडियो को भी जांच के दायरे में लाया गया है, खासकर कश्मीर और ओडिशा के जगन्नाथ मंदिर जैसे संवेदनशील स्थानों पर बनाए गए वीडियो।

दूसरे यूट्यूबर्स पर भी नजर

जांच में एक और यूट्यूबर प्रियंका सेनापति का नाम सामने आया है, जो ओडिशा की रहने वाली हैं। ज्योति ने सितंबर 2024 में पुरी में प्रियंका से मुलाकात की थी। पुलिस ने प्रियंका से भी पूछताछ की है और उनके कनेक्शन की जांच कर रही है। इसके अलावा, ज्योति के अन्य यूट्यूबर और इन्फ्लुएंसर्स के साथ संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है।

About the author

Deepak Panwar

Deepak Panwar is a journalist, author, and founder based in Dehradun Uttarakhand, India. He is recognized for his impactful work in journalism and for founding multiple news and media platforms, including HinduLIVE Media.

View all posts