उत्तराखंड

बनभूलपुरा में रखी गई नए पुलिस थाने की नींव

पुलिस प्रशासन की सशक्त उपस्थिति को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में नए पुलिस थाने के निर्माण की आधारशिला रखी गई। इस ऐतिहासिक अवसर पर आईजी कुमाऊं रेंज रिद्धिम अग्रवाल और एसएसपी नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा ने विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

बनभूलपुरा में नए पुलिस थाने

यह पहल उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उस घोषणा का हिस्सा है, जिसमें बनभूलपुरा में पुलिस थाना स्थापित करने के लिए भूमि आवंटन का निर्देश दिया गया था। पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड और जिला पुलिस प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से सभी प्रशासनिक व तकनीकी औपचारिकताएं पूरी की गईं, और चयनित निर्माण एजेंसी के सहयोग से कार्य शुरू किया गया।

अपराध पर लगेगी लगाम

आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल ने कहा कि यह थाना न केवल अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने में मील का पत्थर साबित होगा, बल्कि स्थानीय लोगों को त्वरित और प्रभावी पुलिस सेवाएं भी प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि यह थाना बाहरी व संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने, असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने और नागरिकों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

यह भी पढ़ें- दिल दहलाने वाली घटना: देहरादून के एक परिवार के सात सदस्यों ने की सामूहिक आत्महत्या

एसएसपी नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा ने मुख्यमंत्री, पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि यह थाना क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही जरूरत को पूरा करेगा। इससे पुलिसिंग में आधुनिकता और त्वरित कार्रवाई को बढ़ावा मिलेगा, जिससे बनभूलपुरा और आसपास के क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था और सुदृढ़ होगी।

भूमि पूजन समारोह में एसपी सिटी हल्द्वानी प्रकाश चंद्र, सीओ हल्द्वानी नितिन लोहनी, थानाध्यक्ष बनभूलपुरा नीरज भाकुनी सहित कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

About the author

Deepak Panwar

Deepak Panwar is a journalist, author, and founder based in Dehradun Uttarakhand, India. He is recognized for his impactful work in journalism and for founding multiple news and media platforms, including HinduLIVE Media.

View all posts