उत्तराखंड

देहरादून: आईएसबीटी चौकी प्रभारी के रिश्वत मामले में 11 पुलिसकर्मियों का तबादला

देहरादून के आईएसबीटी चौकी प्रभारी के रिश्वत लेते पकड़े जाने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चौकी के 11 पुलिसकर्मियों का विभिन्न थानों में तबादला कर दिया है। इसके अतिरिक्त, एसएसपी ने पटेलनगर कोतवाली का दौरा कर अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने आईएसबीटी चौकी प्रभारी का दायित्व उपनिरीक्षक हर्ष अरोड़ा को सौंपा है।

एक लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार

गौरतलब है कि बुधवार शाम को देहरादून विजिलेंस टीम ने पटेलनगर कोतवाली अंतर्गत आईएसबीटी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक देवेंद्र खुगशाल को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। इस मामले में एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए खुगशाल को निलंबित कर दिया।

यह भी पढ़ें – उत्तराखंड का युवक पाकिस्तान के लिए भेज रहा था गोपनीय जानकारी, ऐसे हुआ गिरफ्तार

गुरुवार को एसएसपी अजय सिंह ने पटेलनगर कोतवाली का निरीक्षण किया और वहां नियुक्त अधिकारियों व कर्मचारियों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विवेचनाधीन मामलों और लंबित प्रार्थना पत्रों की स्थिति के बारे में कोतवाली प्रभारी से जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही, दो उपनिरीक्षकों के तबादले किए गए। उपनिरीक्षक हर्ष अरोड़ा को झाझरा थाना, प्रेमनगर से आईएसबीटी चौकी प्रभारी, पटेलनगर कोतवाली नियुक्त किया गया, जबकि उपनिरीक्षक अमित कुमार शर्मा को झाझरा चौकी प्रभारी, प्रेमनगर थाना भेजा गया।

11 पुलिसकर्मियों का तबादला

एसएसपी अजय सिंह ने स्पष्ट किया कि कर्तव्यों के प्रति लापरवाही या शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आईएसबीटी चौकी के 11 पुलिसकर्मियों को जनपद के अन्य थानों में स्थानांतरित किया गया है।

About the author

Deepak Panwar

Deepak Panwar is a journalist, author, and founder based in Dehradun Uttarakhand, India. He is recognized for his impactful work in journalism and for founding multiple news and media platforms, including HinduLIVE Media.

View all posts