उत्तराखंड

देहरादून: कांग्रेस ने भारतीय सेना के सम्मान में निकाली तिरंगा यात्रा, पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन

भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनावपूर्ण स्थिति के बीच भारतीय सेना जहां एक ओर पाकिस्तान के हमलों का कड़ा जवाब दे रही है, वहीं देशभर में राष्ट्रीय एकता और सशस्त्र बलों के प्रति समर्थन का प्रदर्शन हो रहा है। इसी कड़ी में उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में कांग्रेस पार्टी ने एक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया, जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भारतीय सेना के सम्मान में नारे लगाए और पाकिस्तान की कायरतापूर्ण हरकतों का विरोध किया।

यह भी पढ़ें- रक्षा मंत्रालय की मीडिया को चेतावनी: रक्षा संचालन की लाइव कवरेज पर रोक, राष्ट्रीय सुरक्षा को प्राथमिकता

कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय से शुरू हुई इस तिरंगा यात्रा का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने किया। यात्रा घंटाघर, पल्टन बाजार और डिस्पेंसरी रोड से होते हुए आगे बढ़ी। इस दौरान “भारतीय सेना जिंदाबाद” और “पाकिस्तान मुर्दाबाद” के नारे गूंजते रहे। करन माहरा ने कहा, “पाकिस्तान की कायराना हरकतों का जवाब हमारी भारतीय सेना अदम्य साहस और पराक्रम के साथ दे रही है। पूरा देश अपनी सेना के साथ खड़ा है और उनका मनोबल बढ़ाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने यह तिरंगा यात्रा आयोजित की है।”

यह यात्रा पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा की गई साहसिक कार्रवाई के समर्थन में निकाली गई। भारतीय सेना ने इस हमले के जवाब में पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में आतंकी ठिकानों को नष्ट कर एक निर्णायक कदम उठाया था। इसके बाद पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ अपनी नापाक साजिशों को फिर से अंजाम देने की कोशिश की, लेकिन भारतीय सेना ने हर बार उसे मुंहतोड़ जवाब दिया। कांग्रेस ने इस तिरंगा यात्रा के माध्यम से भारतीय सेना के शौर्य और साहस की सराहना की और उनके मनोबल को बढ़ाने का संदेश दिया।

About the author

Deepak Panwar

Deepak Panwar is a journalist, author, and founder based in Dehradun Uttarakhand, India. He is recognized for his impactful work in journalism and for founding multiple news and media platforms, including HinduLIVE Media.

View all posts