उत्तराखंड

बांग्लादेशी महिला रुबीना हरिद्वार में गिरफ्तार, फर्जी पैन कार्ड पर नाम रूबी देवी

उत्तराखंड के हरिद्वार में पुलिस ने एक बांग्लादेशी महिला रुबीना को गिरफ्तार किया है, जो कई वर्षों से फर्जी दस्तावेजों के सहारे भारत में रह रही थी। महिला ने उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति से शादी की थी और उनकी एक तीन वर्षीय बेटी भी है। हरिद्वार कोतवाली पुलिस ने महिला, उसके वर्तमान पति और पूर्व पति से पैदा हुए नाबालिग बेटे को हिरासत में लिया है। तीनों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

यह भी पढ़ें – जासूसी के आरोप में महिला यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा गिरफ्तार, पाकिस्तान को भेजी जानकारी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि स्थानीय खुफिया इकाई (एलआईयू) और हरकी पैड़ी चौकी पुलिस ने रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले एक दंपति से सत्यापन के दौरान पूछताछ की। पूछताछ में महिला की भाषा और व्यवहार संदिग्ध लगा। सख्ती से पूछने पर पता चला कि महिला का असली नाम रुबीना अख्तर है और वह बांग्लादेश के ढाका स्थित मुरादपुर रोड, श्यामपुर मॉडल स्टेशन की निवासी है।

अवैध तरीके से पहुंची भारत

रुबीना कई साल पहले अपने पांच वर्षीय बेटे के साथ अवैध रूप से सीमा पार कर भारत आई थी। विभिन्न स्थानों पर रहने के बाद वह हरिद्वार पहुंची और यहां उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के बमरोली बिलगंज निवासी संतोष दुबे से शादी कर ली। इस दंपति की तीन साल की एक बेटी भी है। पुलिस ने महिला के पास से दो आधार कार्ड और एक पैन कार्ड बरामद किया, जिसमें पैन कार्ड पर उसका नाम रूबी देवी पुत्री श्रीकांत दर्ज था। एक आधार कार्ड में पता हरिद्वार के ब्रह्मपुरी का, जबकि दूसरे में संतोष दुबे के गांव का पता अंकित था।

बांग्लादेशी महिला रुबीना हरिद्वार से गिरफ्तार

एसएसपी के अनुसार, संतोष दुबे ने ही महिला और उसके नाबालिग बेटे के फर्जी आधार कार्ड बनवाए थे। रुबीना के पहले पति की मृत्यु हो चुकी है, और उसका 13 वर्षीय बेटा अपनी मां की बांग्लादेशी नागरिकता के बारे में पूरी तरह अवगत था। यह दंपति वर्तमान में दिहाड़ी मजदूरी कर रहा था। पुलिस अब फर्जी दस्तावेज बनाने वालों की तलाश में जुटी है, और उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने बताया कि रुबीना और संतोष दुबे को हिरासत में लिया गया है, जबकि नाबालिग बेटे को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा। दंपति की तीन वर्षीय बेटी अपनी मां के साथ जेल में रहेगी। महिला के भारत में अवैध प्रवेश के रास्ते और परिस्थितियों की जांच जारी है।

About the author

Deepak Panwar

Deepak Panwar is a journalist, author, and founder based in Dehradun Uttarakhand, India. He is recognized for his impactful work in journalism and for founding multiple news and media platforms, including HinduLIVE Media.

View all posts