उत्तराखंड

देहरादून में सनसनीखेज गोलीकांड: भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष की हत्या, आरोपी फरार

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र का है, जहां बीती रात 2-3 जून को एक सनसनीखेज गोलीकांड में 22 वर्षीय रोहित नेगी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक रोहित नेगी सहसपुर भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष थे।

भाजपा मंडल अध्यक्ष की हत्या

पुलिस के अनुसार, घटना माण्डुवाला के पीपल चौक पर देर रात हुई। रोहित अपने दोस्तों के साथ बोलेरो गाड़ी (UK 07 FZ 0707) में सवार थे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उनकी गाड़ी पर गोली चला दी। गोली रोहित की गर्दन पर लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके दोस्त अभिषेक बर्तवाल और अन्य मित्रों ने उन्हें तुरंत ग्राफिक ऐरा अस्पताल, झाझरा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया।

मृतक के मित्र अभिषेक बर्तवाल (निवासी तिल्वाड़ी, थाना सेलाकुई) की तहरीर के आधार पर पुलिस ने थाना प्रेमनगर में मुकदमा संख्या 104/2025, धारा 103(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घटना से कुछ समय पहले रोहित और उनके दोस्त नयागांव में एक मित्र के घर पर थे, जहां उनकी एक महिला मित्र को अभियुक्त का फोन आया। फोन पर हुई बातचीत के बाद दोनों पक्षों में बहस हुई, जो हत्या का कारण बनी। पुलिस का मानना है कि अभियुक्त ने आवेश में आकर इस वारदात को अंजाम दिया।

यह भी पढ़ें- BCCI के शीर्ष पद में बड़ा बदलाव, राजीव शुक्ला बनेंगे नए अध्यक्ष

जांच में जुटी पुलिस

थानाध्यक्ष प्रेमनगर उप निरीक्षक मोहन सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अभियुक्तों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर छापेमारी के साथ-साथ तकनीकी और खुफिया माध्यमों से सुराग जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।

इस घटना से प्रेमनगर और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग और भाजपा कार्यकर्ता रोहित की हत्या से स्तब्ध हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है ताकि इस सनसनीखेज मामले का जल्द से जल्द खुलासा हो सके।

About the author

Deepak Panwar

Deepak Panwar is a journalist, author, and founder based in Dehradun Uttarakhand, India. He is recognized for his impactful work in journalism and for founding multiple news and media platforms, including HinduLIVE Media.

View all posts