उत्तराखंड

कांग्रेस की ‘जय हिंद’ रैली: ऑपरेशन सिंदूर के वीरों को सम्मान, हल्द्वानी से होगी शुरुआत

ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक सफलता और भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस को सम्मान देने के लिए जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देशभर में ‘शौर्य तिरंगा यात्रा’ निकाल रही है, वहीं उत्तराखंड कांग्रेस ने ‘जय हिंद’ रैली आयोजित करने का ऐलान किया है। इस रैली की शुरुआत 1 जून से कुमाऊं की आर्थिक राजधानी हल्द्वानी से होगी। रैली को सफल बनाने के लिए शनिवार को हल्द्वानी के कांग्रेस स्वराज आश्रम में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

कांग्रेस की जय हिंद रैली

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि ‘जय हिंद’ रैली भारतीय सैनिकों के साहस, बलिदान और देशभक्ति को समर्पित होगी। यह रैली ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमारे सुरक्षा बलों द्वारा पाकिस्तान की साजिशों और आतंकवाद को करारा जवाब देने की वीरगाथा का उत्सव मनाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह रैली राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सैनिकों के पराक्रम को सम्मान देने और जनता को यह संदेश देने का प्रयास है कि कांग्रेस हमेशा अपने जवानों के साथ मजबूती से खड़ी है।

केंद्र सरकार पर उठाए सवाल

हालांकि, माहरा ने केंद्र सरकार पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस रैली के माध्यम से ऑपरेशन सिंदूर के दौरान केंद्र सरकार की विफलताओं को भी जनता के सामने लाया जाएगा। माहरा ने आरोप लगाया कि केंद्रीय गृह मंत्री ने सदन में कहा था कि यदि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 1971 में युद्धविराम दो दिन बाद किया होता, तो पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) आज भारत का हिस्सा होता। लेकिन ऑपरेशन सिंदूर के दौरान केंद्र सरकार ने कथित तौर पर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और एक बड़े व्यापारी के दबाव में युद्धविराम किया।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार का बयान: 15 हजार के ड्रोन मारने के लिए दागी 15 लाख की मिसाइल

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि ऑपरेशन के दौरान भारत के कितने विमान क्षतिग्रस्त हुए, इसका जवाब सरकार आज तक नहीं दे पाई है। साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कर्नल सोफिया का एक बड़े भाजपा मंत्री द्वारा अपमान किया गया, जो दर्शाता है कि भाजपा सैनिकों का सम्मान करने में कितनी गंभीर है। ‘जय हिंद’ रैली के जरिए कांग्रेस न केवल सैनिकों के शौर्य को सलाम करेगी, बल्कि केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाकर जनता को जागरूक करने का भी प्रयास करेगी।

About the author

Deepak Panwar

Deepak Panwar is a journalist, author, and founder based in Dehradun Uttarakhand, India. He is recognized for his impactful work in journalism and for founding multiple news and media platforms, including HinduLIVE Media.

View all posts