Blog

नहीं रहे अभिनेता मुकुल देव, 54 की उम्र में हुआ निधन

हिंदी, पंजाबी, और दक्षिण भारतीय सिनेमा के मशहूर अभिनेता मुकुल देव अब हमारे बीच नहीं रहे। 54 साल की उम्र में उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। मुकुल देव के निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई है।

मुकुल देव का जन्म 17 सितंबर 1970 को नई दिल्ली में हुआ था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1996 में टेलीविजन धारावाहिक मुमकिन से की थी, जिसमें उन्होंने विजय पांडे का किरदार निभाया था। उसी साल उन्होंने फिल्म दस्तक से बॉलीवुड में डेब्यू किया, जिसमें उनकी सह-कलाकार सुष्मिता सेन थीं। मुकुल ने अपने करियर में हिंदी, पंजाबी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़, बंगाली, और मलयालम फिल्मों में काम किया। इसके अलावा उन्होंने कई टेलीविजन धारावाहिकों और म्यूजिक एल्बम में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

यह भी पढ़ें- बीजेपी नेता का अश्लील वीडियो वायरल: पुलिस ने दर्ज किया मामला

मुकुल को फिल्म यमला पगला दीवाना (2011) में उनके अभिनय के लिए 7वें अमरीश पुरी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। उनकी कुछ उल्लेखनीय फिल्मों में सन ऑफ सरदार (2012), आर… राजकुमार, और जय हो शामिल हैं। टेलीविजन पर भी उन्होंने कहीं दिया जले कहीं जिया (2001), कहानी घर घर की (2003), और प्यार जिंदगी है (2003) जैसे धारावाहिकों में अपनी छाप छोड़ी।

दोस्त ने की मुकुल देव का निधन की पुष्टि

मुकुल के निधन की पुष्टि उनके करीबी दोस्त और सह-कलाकार विंदु दारा सिंह ने की। विंदु ने बताया कि मुकुल के माता-पिता के निधन के बाद वह काफी अकेले हो गए थे और ज्यादा लोगों से मिलते-जुलते नहीं थे। पिछले कुछ दिनों में उनकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। विंदु ने यह भी कहा कि मुकुल की आखिरी फिल्म सन ऑफ सरदार 2 होगी, जिसमें वह दर्शकों को हंसी और खुशी देने वाले थे, लेकिन अफसोस कि वह इसे बड़े पर्दे पर नहीं देख पाएंगे।

मुकुल देव अपने पीछे अपने भाई राहुल देव को छोड़ गए हैं, जो खुद भी एक मशहूर अभिनेता हैं। उनके निधन का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन उनकी अनुपस्थिति ने फिल्मी जगत में एक बड़ा खालीपन छोड़ दिया है।

About the author

Deepak Panwar

Deepak Panwar is a journalist, author, and founder based in Dehradun Uttarakhand, India. He is recognized for his impactful work in journalism and for founding multiple news and media platforms, including HinduLIVE Media.

View all posts