उत्तराखंड

उत्तरकाशी में हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, पांच की मौत

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गुरुवार सुबह करीब 9 बजे गंगनानी के समीप एक निजी हेलिकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की दुखद घटना सामने आई है। इस हादसे में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

यह भी पढ़ें- उत्तरकाशी पुलिस की बड़ी कामयाबी: गंगोत्री धाम में चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार

गढ़वाल मंडल के आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने घटना की पुष्टि की और बताया कि बचाव दल और जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, हेलिकॉप्टर गंगोत्री की ओर जा रहा था और उसमें पांच से छह यात्री सवार थे। स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर मौजूद है, और आसपास के लोग भी वहां जमा हो गए हैं। घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है।

सीएम धामी ने जताया शोक

उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट करते हुए लिखा ” उत्तरकाशी के गंगनानी के समीप हेलीकॉप्टर क्रैश में कुछ लोगों के हताहत होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। राहत एवं बचाव कार्य के लिए SDRF और जिला प्रशासन की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। ईश्वर हादसे में दिवंगत हुए लोगों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।प्रशासन को घायलों को हर संभव सहायता पहुंचाने एवं हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में लगातार अधिकारियों के संपर्क में हूं और हर स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।”

उत्तरकाशी पुलिस ने जानकारी देकर बताया कि आज प्रातः करीब पौने नौ बजे गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया था, पुलिस, एसडीआरएफ, फायर, मेडिकल व अन्य आपदा राहत दल मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं। हैली में पायलट सहित 07 लोग सवार थे, हैली में सवार 04 यात्री मुम्बई तथा 2 आंध्र प्रदेश के बताए जा रहे हैं। रेस्क्यू जारी है।

About the author

Deepak Panwar

Deepak Panwar is a journalist, author, and founder based in Dehradun Uttarakhand, India. He is recognized for his impactful work in journalism and for founding multiple news and media platforms, including HinduLIVE Media.

View all posts